
गाजीपुर । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर में बिहार चुनाव और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार बदलाव चाहता है और खुशहाली तथा तरक्की के रास्ते पर जाना चाहता है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि चुनाव के बाद भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। उन्होंने नीतीश कुमार को “सिर्फ चुनावी दूल्हा” बताया, जो पद के दूल्हा नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और समाजवादी पार्टी उन्हें पूरा समर्थन दे रही है। अमित शाह के विपक्ष के लिए ‘नो वेकेंसी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वेकेंसी जनता बनाती है, यह किसी के विज्ञापन से नहीं चलता। उन्होंने कहा कि जनता जिसको चाहेगी, वह वेकेंट हो जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने वहां कितनी वेकेंसी बना दी और कितने लोग वेकेंट हो गए। उन्होंने भाजपा पर सिर्फ झगड़ा लगाने का काम करने का आरोप भी लगाया।
अखिलेश यादव ने अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री को ‘किलर’ कहे जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “अबकी बार दोनों डिप्टी सीएम बाहर” का नारा लखनऊ में चल रहा है।
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह निष्पक्ष काम नहीं कर रहा है और अलोकतांत्रिक है। भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने उन्हें ‘अनएजुकेटेड, अनडेमोक्रेटिक और अनपढ़’ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हमेशा मर्यादा का उल्लंघन करते हैं। यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह फिल्म रिलीज होने से पहले ही फ्लॉप हो गई और उनकी सरकार तो सिनेमा हॉल में ही गिर गई, क्योंकि कोई विधायक फिल्म देखने नहीं गया। केशव मौर्य के ‘बेगानी शादी में अखिलेश दीवाना’ वाले बयान पर उन्होंने दोहराया कि लखनऊ में नारा है ‘अबकी बार दोनों डिप्टी सीएम बाहर’।
केशव मौर्य के इस बयान पर कि राहुल, अखिलेश और तेजस्वी का भविष्य अंधकार में है, अखिलेश यादव ने जवाब दिया कि अंधेरे के बाद ही रोशनी आती है और हम रोशनी लाने का काम कर रहे हैं। बिहार चुनाव में सपा के स्टार प्रचारकों में चाचा शिवपाल यादव का नाम न होने के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहाकि हम 10 वर्ष से सत्ता से दूर है।हमारे पास सीमित संसाधन है।हम एक और हेलीकाप्टर का खर्च कहां से लाएं।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव आज गाजीपुर पहुंचे थे।सबसे पहले वो गाजीपुर ले रामपुर मांझा स्थित रंगजी महाविद्यालय में बने हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरे,और वहां से सपा विधायक अंकित भारती के घर पहुंचे।अखिलेश यादव विधायक अंकित भारती के विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे।उन्होंने विधायक अंकित भारती के घर पहुंच कर वर वधू को आशीर्वाद दिया।जिसके बाद वो सपा नेता राजकुमार पांडेय के घर भी गये।सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव हेलीकाप्टर के जरिये ही गाजीपुर के सैदपुर पहुंचे और पूर्व एमएलसी विजय यादव के घर गए।जहां उन्होंने पूर्व एमएलसी विजय यादव और उनके परिजनों से मुलाकात की।अखिलेश यादव के साथ शिवपाल यादव भी मौजूद रहे।हर जगह सपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।गाजीपुर दौरे के बाद अखिलेश हेलीकाप्टर से वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
