
गाजीपुर । सादात थाना क्षेत्र के बहादुर मोड़ के पास सोमवार को दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं हादसे में दो लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान 24 वर्षीय हिमांशु चौहान पुत्र संजय चौहान निवासी वृंदावन थाना बहरियाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, हिमांशु चौहान किसी काम से मजुईं आया था, जहां से घर लौटते समय बहादुर चौराहा से करीब सौ मीटर उत्तर एक ट्यूबवेल के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हिमांशु चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक पर पीछे बैठा गांव का ही युवक नीरज चौहान पुत्र सुभाष चौहान घायल हो गया। उसका हुरमुजपुर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। दूसरी बाइक का चालक घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक सहित शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतक के चाचा भाजपा सादात उत्तरी मंडल के पूर्व महामंत्री राजीव नयन चौहान ने बताया कि हिमांशु दिल्ली में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और दशहरा की छुट्टियों में घर आया था। उसकी मां डॉ. भगवंती सिंह चौहान बलिया में एक निजी कॉलेज में शिक्षिका हैं, जबकि छोटा भाई दिव्यांशु चौहान पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
